बीजेपी ने रचा इतिहास बांगर की धरती पर पिछले 52 वर्षों में पहली बार कमल खिला

बांगर की धरती पर पिछले 52 वर्षों में पहली बार कमल खिला है। इसी के साथ भाजपा के कृष्ण ने आगामी राजनीति का भी शंखनाद कर दिया है। इस जीत के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा की सियासत में चौथे लाल बनकर उभरे हैं। जातीय समीकरणों में उलझे जींद उपचुनाव में सीएम ने अपनी रणनीति से विजयश्री दिलवा दी है।

लोकसभा और विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माने जाने वाले जींद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने 12,930 मतों से जीत हासिल की है। उन्हें कुल 50,566 वोट मिले हैं। जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दिग्विजय चौटाला को 37,631 वोट मिले हैं।

वहीं, दिग्विजय के चाचा अभय चौटाला के दल इनेलो के प्रत्याशी उमेद सिंह रेढ़ू को मात्र 3454 वोट मिले हैं और उनकी जमानत जब्त हो गई है। इस तरह ताऊ देवीलाल की सियासत की विरासत की जंग में फिलहाल अजय चौटाला के बेटों ने बढ़त बना ली है।

सियासत की इस जंग में सबसे करारी हार कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व कैथल से विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला की हुई है। कुल 22,740 वोट हासिल करके सुरजेवाला तीसरे स्थान पर रहे हैं। 932 वोट यदि कम मिलते तो उनकी जमानत जब्त हो जाती। वहीं, 13,582 वोट हासिल करके भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (लोसुपा) के विनोद आशरी चौथे स्थान पर रह कर सबसे बड़ा उलटफेर किया है।

FREE!!! Registration